टेक्सटाइल वर्कर्स यूनियन, बरगदवां, गोरखपुर और बिगुल मज़दूर दस्ता द्वारा होंडा के मजदूरों के
समर्थन में गोरखपुर में विरोध प्रदर्शन
बिगुल संवाददाता
बिगुल मज़दूर दस्ता और टेक्स्टटाइल वर्कर्स यूनियन की ओर से राजस्थान के टप्पूखेड़ा की होंडा फैक्ट्री से निकाले गए 300 मजदूरों के समर्थन में बरगदवां औद्योगिक क्षेत्र में प्रदर्शन का किया गया। मज़दूरों ने होंडा के मज़दूरों के दमन तथा देशभर में मज़दूर अधिकारों पर बढ़ते हमलों के विरोध में होंडा प्रबंधन और नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंका।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पिछले कई महीनों से होंडा फैक्ट्री से गैरकानूनी तरीके से निकाले गए मज़दूर अपनी मांगों को लेकर सड़क पर थे और अब मजदूरों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। मज़दूरों के साथ ऐसा बरताव नया नहीं हैं, गोरखपुर के मज़दूर भी इसके गवाह हैं। टेक्स्टटाइल वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष राजू ने कहा कि आज के समय में पूरे देश भर में मज़दूरों की छंटनी, तालाबन्दी जैसी समस्याएं आम बात हो गयी हैं। मोदी सरकार पिछली सरकार से भी आगे निकलते हुए हमें निचोड़ लेने के लिए लगातार हमले किये जा रही है। एक के बाद एक सभी महत्वपूर्ण श्रम कानूनों में “सुधार” किये जा रहे हैं। जो भी श्रम कानून मज़दूरों को लूटने के लिए मालिकों की राह में रोड़ा बनते हैं, उन्हें लगातार मालिकों के पक्ष में किया जा रहा है। आज जरूरी हो गया है कि पूरे देश का मज़दूर वर्ग अपनी एकजुटता को बढ़ाकर देशव्यापी आन्दोलन की तैयारी करे और लूट पर टिकी इस पूंजीवादी व्यवस्था को ध्वस्त कर एक नयी व्यवस्था को बनाने की तैयारी करे।
मज़दूर बिगुल, अगस्त-सितम्बर 2016
















Recent Comments