हरियाणा के नरवाना में निर्माण मज़दूरों ने संघर्ष के दम पर जीती हड़ताल

बिगुल संवाददाता

2014-04-05-Narvana Strike-1आज के समय पूरे देश में मज़दूर-मेहनतकश अपने हक़-अधिकारों के प्रति एकजुट हो रहे हैं। अभी हाल में ही हरियाणा राज्य के नरवाणा के मज़दूरों ने अपने हक़ों-अधिकारों के प्रति जागरूक होते हुए एक हड़ताल की और अपनी एकजुटता और संघर्ष के दम पर जीत हासिल की। प्रस्तुत है, उक्त संघर्ष और नरवाणा शहर की पृष्ठभूमि पर एक छोटी-सी रिपोर्ट:-

हरियाणा के ज़िला जीन्द की तहसील नरवाना शहरीकरण की तरफ़ बढ़ती हुई जगह है। यहाँ की आबादी करीब 62,000 है। शहर में मज़दूर-मेहनतकश व ग़रीब किसान आबादी का ही प्रतिशत सबसे ज़्यादा है, किन्तु ख़ुशहाल किसान, नौकरीशुदा खाता-पीता मध्यवर्ग और पुस्तैनी रूप से रह रहे व्यापारी-दुकानदार भी काफ़ी तादाद में हैं। चूँकि नरवाना तहसील है तो आस-पास के गाँवों से भी लोग यहीं पर ख़रीदारी आदि के लिए आते हैं। नरवाना में एक बड़ी अनाज मण्डी भी है, जो गाँवों से व्यापक किसान आबादी को भी अपने साथ जोड़ती है। शहर में बड़ी संख्या में आस-पास के गाँवों से मज़दूर दिहाड़ी-रोज़गार के लिए आते हैं। ये मज़दूर विभिन्न जातियों से होते हैं किन्तु भूमिहीन दलित इनमें बड़ी संख्या में होते हैं। कृषि में हो रहे पूँजीवादी विकास और किसानों के विभेदीकरण के फलस्वरूप किसान आबादी भी मज़दूरों में शामिल हो रही है और इससे हरियाणा के बन्द लगने वाले समाज में जाति-भेद के टूटने में भी मदद मिल रही है जो एक सकारात्मक बात भी है। ये मज़दूर दूकानों, अनाज मण्डी, छोटे-मोटे वर्कशॉपों और भवन निर्माण के क्षेत्र में 2014-04-05-Narvana Strike-7काम करते हैं। मज़दूरों के हालात बेहद दयनीय हैं। इन्हें बेहद कम मज़दूरी मिलती है और हरियाणा सरकार द्वारा तय न्यूनतम मज़दूरी, जो पहले ही कम है (अकुशल 5341 रुपये व कुशल 5861 रुपये), इनके लिए बहुत दूर की कौड़ी है। श्रम क़ानूनों का अधिकतर मज़दूरों को कुछ पता ही नहीं है। मज़दूरी पूरी तरह से मालिकों के रहमो-करम पर तय होती है। इण्टक जो पूरी तरह से कांग्रेस की पूँछ है, और संशोधनवादी पार्टी सी.पी.एम. से जुड़ी सीटू से सम्बद्ध कई यूनियनें संगठित मज़दूरों के बीच काम करती हैं। आमतौर पर इनका काम अपनी पार्टियों के लिए वोट बैंक जुटाना और कुछ अर्थवादी कवायदें करना ही होता है। शहर में काम कर रहे असंगठित क्षेत्र से जुड़े मज़दूरों से इन्हें कोई मतलब नहीं है। मज़दूरों के अन्दर इन हालातों के कारण गुस्सा और क्षोभ तो होता है किन्तु ये संगठित न होने के कारण कुछ कर नहीं पाते। ख़ासकर भवन निर्माण से जुड़े मज़दूरों के हालात तो और भी दयनीय हैं, क्योंकि एक तो कार्यस्थिति बेहद ख़राब होती है, धूल-धक्कड़ में और बिना किसी सुरक्षा के ही काम करना पड़ता है, ऊपर से मज़दूरी बेहद कम मिलती है। हर रोज़ काम मिलने की भी कोई गारण्टी नहीं होती। अक्सर ही ऐसे मज़दूर काफ़ी संख्या में होते हैं जो किराया लगाकर शहर में आते हैं और पूरे दिन काम का इन्तज़ार करने के बाद बिना कोई काम किये ही ख़ाली हाथ घर लौट जाते हैं। एक तरफ़ लगातार बढ़ती मँहगाई ने और दूसरी तरफ़ बेहद कम मज़दूरी ने मज़दूरों का जीना मुहाल करके रख दिया है।

2014-04-05-Narvana Strike-8अभी पिछले अप्रैल माह की 15 तारीख़ को भवन निर्माण क्षेत्र से जुड़े कुछ मज़दूरों ने अपनी मज़दूरी बढ़वाने के लिए बिगुल मज़दूर दस्ता और नौजवान भारत सभा से जुड़े कार्यकर्ताओं से सलाह-मशविरा किया। इन मज़दूरों का काम ट्राली-ट्रक इत्यादि से सीमेण्ट, बजरी, रेती आदि उतारने और लादने का होता है। मज़दूरी बेहद कम और पीस रेट के हिसाब से मिलती है। ज्ञात हो कि नौजवान भारत सभा और बिगुल मज़दूर दस्ता पिछले लगभग दो साल से हरियाणा में सक्रिय हैं। युवाओं से जुड़े तथा विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर प्रचार आदि के कारण और पिछले दिनों चले मारुति सुजुकी मज़दूर आन्दोलन में बिगुल मज़दूर दस्ता की भागीदारी के कारण इन संगठनों की इलाक़े में पहचान है। बिगुल और नौभास के कार्यकर्ताओं ने निर्माण क्षेत्र से जुड़े मज़दूरों की तुरन्त यूनियन बनाने और यूनियन के तहत ही संगठित रूप से हड़ताल करने का सुझाव दिया। 15 तारीख़ को ही निर्माण मज़दूर यूनियन की तरफ़ से पर्चा छपवा दिया गया और सभी मज़दूरों को एकजुट करके हड़ताल करने का निर्णय लिया गया। उसी दिन यूनियन की 11 सदस्यीय कार्यकारी कमेटी का चुनाव भी कर लिया गया। पहले दिन काम बन्द करवाने को लेकर कई मालिकों के साथ कहा-सुनी और झगड़ा भी हुआ, किन्तु अपनी एकजुटता के बल पर यूनियन ने हर जगह काम बन्द करवा दिया। 16 तारीख़ को यूनियन ने नौभास और बिगुल मज़दूर दस्ता की मदद से पूरे शहर में पर्चा वितरण और हड़ताल का प्रचार किया। मज़दूरों के संघर्ष और जुझारू एकजुटता के सामने 16 तारीख़ को ही दोपहर में मालिकों यानी भवन निर्माण से जुड़ी सामग्री बेचने वाले दुकानदारों ने हाथ खड़े कर दिये। मज़दूरी में किसी सामग्री में 100 तो किसी में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी हुई। जैसे पहले सीमेण्ट का एक कट्टा 1.25 से 1.50 रुपये तक में उतारा और लादा जाता था, हड़ताल के बाद इसका रेट न्यूनतम 2.50 रुपये तय हुआ। रेती की ट्राली उतारने और लादने का रेट 60-70 से बढ़कर 130 रुपये न्यूनतम तय हुआ। इसी प्रकार विभिन्न प्रकार की भवन निर्माण सामग्री के उतारने और लादने के रेटों में बढ़ोत्तरी हुई। जीत हासिल होने पर मज़दूर बेहद उत्साह में थे और मालिक मनमानी न चलने और आगे से अधिक मज़दूरी देने को लेकर खिसियाये हुए दिखे। इसके बाद 17 तारीख़ को ही यूनियन की तरफ़ से इस आन्दोलन की जीत का पर्चा निकाला गया और विभिन्न मज़दूरों के बीच इसे बाँटा गया। यूनियन की कार्यकारिणी की बैठक में यह फ़ैसला हुआ कि अब औपचारिक रूप से यूनियन की सदस्यता दी जानी चाहिए। इसके साथ ही रसीद-बुक आदि से यूनियन की औपचारिक सदस्यता का काम शुरू हो चुका है तथा यूनियन अपना एक सदस्यता शिविर लगा भी चुकी है, जिसमें करीब 90 मज़दूरों ने यूनियन की सदस्यता ग्रहण की। जैसे ही गेहूँ की कटाई का सीजन ख़त्म होगा, क्योंकि बहुत से मज़दूर कटाई के काम में भी लगे हैं, फिर से सदस्यता शिविर लगाये जायेंगे। इस पूरे संघर्ष ने दिखला दिया है कि संघर्ष के सही तरीक़े और एकजुटता के बल पर ही अपने हक़-अधिकारों की लड़ाई जीती जा सकती है। मज़दूरों की एकजुटता और नौजवान भारत सभा जैसे जन संगठन और बिगुल मज़दूर दस्ता की सक्रिय भागीदारी और दबाव के कारण पुलिस-प्रशासन चाहकर भी मालिकों की मदद नहीं कर सका। विभिन्न मौक़ों पर मालिको को ही झुकना पड़ा; और तो और पुलिस थाने में भी मालिकों को मज़दूरों से माफ़ी माँगनी पड़ी। यूनियन के सचिव रमेश खटकड़ ने बताया कि निर्माण मज़दूर यूनियन की लड़ाई भले ही छोटी लड़ाई थी, किन्तु इसी प्रकार से यानी संघर्ष की सही दिशा और एकजुटता के बल पर ही हम पूरे देश के स्तर पर बड़े संघर्षों को भी जीत सकते हैं। और आज यह समय की ज़रूरत है कि तमाम ग़द्दार ट्रेड़ यूनियनों को खदेड़ बाहर किया जाये और एक नये ट्रेड़ यूनियन आन्दोलन की शुरुआत को और भी तेज़ कर दिया जाये, ताकि मेहनतकश आबादी एकजुट हो और अपने हक़-हुक़ूक को हासिल करे। आज के समय मालिकों और उन्हें सुरक्षा देने वाली मौजूदा पूँजीवादी व्यवस्था और साथ ही मज़दूरों के रहनुमा बनने वाले घाघ धन्धेबाजों को हम अपनी एकजुटता और संघर्ष के सही तरीक़ों से ही पछाड़ सकते हैं।

 नरवाणा में बिगुल मज़दूर दस्ता और निर्माण मज़दूर यूनियन ने मिलकर एक मई के अवसर पर व्यापक पर्चा वितरण करते हुए रैली का भी आयोजन किया। यह रैली शहर के पुराने बस अड्डे से शहीद भगतसिंह चौक तक निकाली गयी। रैली का समापन जनसभा के साथ किया गया। सभा को सम्बोधित कर रहे वक्ताओं ने मई दिवस के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए इसके महत्व के बारे में बताया कि किस प्रकार से काम के घण्टे आठ का आन्दोलन मज़दूरों की एकजुटता और संघर्ष का प्रतिक बन गया था। आज के समय मुनाफ़े की व्यवस्था के ख़िलाफ़ एकजुट संघर्ष की तैयारी ही मई दिवस के शहीदों की सच्ची याददिहानी हो सकती है। शाम के समय निर्माण मज़दूर यूनियन के कार्यालय पर बिगुल मज़दर दस्ता द्वारा बनाई फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। इसके अलावा हरियाणा के ही ज़िला कैथल के कलायत में भी व्यापक पर्चा वितरण करते हुए मज़दूर साथियों तक मई दिवस का सन्देश पहुँचाया गया।

 

मज़दूर बिगुल, जून 2014

 


 

‘मज़दूर बिगुल’ की सदस्‍यता लें!

 

वार्षिक सदस्यता - 125 रुपये

पाँच वर्ष की सदस्यता - 625 रुपये

आजीवन सदस्यता - 3000 रुपये

   
ऑनलाइन भुगतान के अतिरिक्‍त आप सदस्‍यता राशि मनीआर्डर से भी भेज सकते हैं या सीधे बैंक खाते में जमा करा सकते हैं। मनीऑर्डर के लिए पताः मज़दूर बिगुल, द्वारा जनचेतना, डी-68, निरालानगर, लखनऊ-226020 बैंक खाते का विवरणः Mazdoor Bigul खाता संख्याः 0762002109003787, IFSC: PUNB0185400 पंजाब नेशनल बैंक, निशातगंज शाखा, लखनऊ

आर्थिक सहयोग भी करें!

 
प्रिय पाठको, आपको बताने की ज़रूरत नहीं है कि ‘मज़दूर बिगुल’ लगातार आर्थिक समस्या के बीच ही निकालना होता है और इसे जारी रखने के लिए हमें आपके सहयोग की ज़रूरत है। अगर आपको इस अख़बार का प्रकाशन ज़रूरी लगता है तो हम आपसे अपील करेंगे कि आप नीचे दिये गए बटन पर क्लिक करके सदस्‍यता के अतिरिक्‍त आर्थिक सहयोग भी करें।
   
 

Lenin 1बुर्जुआ अख़बार पूँजी की विशाल राशियों के दम पर चलते हैं। मज़दूरों के अख़बार ख़ुद मज़दूरों द्वारा इकट्ठा किये गये पैसे से चलते हैं।

मज़दूरों के महान नेता लेनिन

Related Images:

Comments

comments