रूस में मज़दूरों के क्रान्तिकारी अख़बार ‘ईस्क्रा’ की शुरुआत की रोमांचक कहानी
चिनगारी से लगेगी आग!

मरीया प्रिलेज़ायेवा की पुस्तक ‘लेनिन कथा’ से

साइबेरिया की खानों में

मान औ’ धैर्य की ज़रूरत अपार,

व्यर्थ न जायेंगे दुखद संघर्ष

और आपके उदात्त विचार।

ये पंक्तियाँ कवि पुश्किन ने नेरचिन्स्क, साइबेरिया, में निर्वासित और ख़ानों में काम करने को मजबूर दिसम्बरवादियों को लिखी थीं। इसके उत्तर में कवि-दिसम्बरवादी ओदोयेव्स्की ने उन्हें लिखा:

न होगा व्यर्थ हमारा संघर्ष अथक,

चिनगारी से भड़केंगी ज्वालाएँ!

व्लादीमिर इल्यीच (लेनिन) ने अख़बार का नाम ‘ईस्क्रा’ (चिनगारी) ही रखने का फ़ैसला किया।

शूशेन्स्कोये में रहते हुए ही उन्होंने उसकी पूरी योजना तैयार कर ली थी। अब उसे कार्यरूप देना था। साइबेरिया से लौटकर व्लादीमिर इल्यीच प्स्कोव में रहने लगे। अकेले ही। नदेज़्दा कोन्स्तान्तिनोव्ना की निर्वासन अवधि अभी ख़त्म नहीं हुई थी, इसलिए वह बाक़ी समय के लिए उफ़ा में ही रुक गयीं। व्लादीमिर इल्यीच को प्स्कोव में रहने की इजाज़त थी। वहाँ उन्होंने ‘ईस्क्रा’ निकालने के लिए तैयारियाँ शुरू कीं। वह विभिन्न शहरों की यात्रा करते। ‘ईस्क्रा’ में काम करने के लिए साथियों को ढूँढ़ते। अख़बार के लिए लेख लिखने वालों को ढूँढ़ना था। फिर ऐसे आदमियों की तलाश भी ज़रूरी थी, जो अख़बार का गुप्त रूप से वितरण करते। ‘ईस्क्रा’ को आम तरीक़े से दूकानों और स्टॉलों पर बेचा नहीं जा सकता था। और अगर कोई ऐसा करता, तो उसे तुरन्त जेल हो सकती थी। अख़बार निकालने के लिए पैसों की भी ज़रूरत थी।

ज़मीन-आसमान एक करके चार महीने में व्लादीमिर इल्यीच ने ‘ईस्क्रा’ की तैयारी पूरी कर ही ली।

पर एक सवाल अभी बाक़ी था। अख़बार को छापा कहाँ जाये? रूस में रहते हुए भला कोई ज़ार के ख़िलाफ़, ज़मींदारों और उद्योगपतियों के ख़िलाफ़, पुलिस के अफ़सरों के ख़िलाफ़ अख़बार छापने के लिए तैयार होता?

व्लादीमिर इल्यीच को इस बारे में भी काफ़ी सोचना पड़ा। उन्होंने साथियों से परामर्श किया। अन्त में यह तय हुआ कि उसे विदेश में छापा जाये। बेशक वहाँ भी ऐसा अख़बार पूर्णतया गुप्त रूप से ही निकाला जा सकता था। पर वहाँ रूसी पुलिस के भेदिये इतने अधिक नहीं थे।

व्लादीमिर इल्यीच ने जैसे-तैसे डॉक्टरी सर्टिफ़िकेट का इन्तज़ाम किया और इलाज के बहाने विदेश रवाना हो गये। इससे पहले वह नदेज़्दा कोन्स्तान्तिनोव्ना से भी मिल आये, जिनका निर्वासन नौ महीने बाद ख़त्म होना था। अब वह वतन से दूर जा रहे थे। क्या बहुत अरसे के लिए? जैसे कि बाद में पता चला, बहुत अरसे के लिए।

…तंग सड़कों, नुकीली छतों वाले मकानों और प्रोटेस्टेण्ट गिरजों वाले जर्मन शहर लाइप्‍ज़ि‍ग में बहुत अधिक कल-कारख़ाने और उनसे भी अधिक छापेख़ाने और हर तरह की किताबों की दूकानें थीं। वहाँ कोई पैंतीस साल की उम्र का गेर्मन राऊ नाम का एक जर्मन रहता था। शहर के बाहर एक छोटे-से गाँव में उसका छापाख़ाना था। उसमें मशीन के नाम पर सिर्फ़ एक ही – हालाँकि काफ़ी बड़ी- छपाई मशीन थी और वह भी बहुत पुरानी। उस पर मज़दूरों का खेलकूद अख़बार, तरह-तरह के पोस्टर और पैम्फ़लेट छापे जाते थे।

गेर्मन राऊ सामाजिक-जनवादी था। एक दिन लाइप्‍ज़िग के सामाजिक-जनवादियों ने उसे बताया कि रूस से एक मार्क्सवादी आया है। रूसी मार्क्सवादी अपना क्रान्तिकारी अख़बार निकालना चाहते हैं और यह तय किया गया है कि उसका पहला अंक लाइप्‍ज़िग में छपे।

“रूसी साथियों की मदद करनी चाहिए,” लाइप्‍ज़िग के सामाजिक-जनवादियों ने गेर्मन राऊ से कहा।

लाइप्‍ज़िग आने वाला रूसी मार्क्सवादी और कोई नहीं, व्लादीमिर इल्यीच ही थे। उन्होंने शहर के छोर पर एक कमरा किराये पर लिया। वह हमेशा मुँह अँधेरे ही उठ जाते थे, जब हर कहीं निस्तब्धता होती थी। यहाँ तक कि फ़ैक्टरियों के भोंपू भी नहीं बजते होते थे। कमरा बहुत ठण्डा था। दिसम्बर का महीना चल रहा था।

व्लादीमिर इल्यीच ने स्पिरिट के चूल्हे पर पानी उबाला, टिन के मग में चाय बनाकर गरम-गरम पी और हमेशा की तरह घर से निकल पड़े। जाना दूर था, गेर्मन राऊ के छापेख़ाने तक। कोई पाँच-छः किलोमीटर का रास्ता होगा। घोड़ाट्राम वहाँ नहीं जाती थी, इसलिए पैदल ही जाना होता था। रास्ते में पैदल या साइकिलों पर सवार मज़दूर और बाज़ार जाने वाले किसानों के ठेले मिलते थे। शहर की सीमा आ गयी। आगे बर्फ़ से ढँके खेत थे। दूर, क्षितिज के पास जंगल का काला साया दिखायी दे रहा था। शहर के छोर पर बस्तियों की बत्तियाँ जल रही थीं। गेर्मन राऊ के छापेख़ाने की खिड़की से लालटेन का उजाला दिखायी दे रहा था।

सारा छापाख़ाना एक बड़े-से कमरे में समाया हुआ था, जिसके आधे हिस्से में पुरानी छपाई मशीन खड़ी थी। कमरे में दो कम्पोज़िग बॉक्स भी थे। लोहे की अँगीठी में लकड़ियाँ जलते हुए चटक रही थीं। लपटें कँपकँपाती थीं, तो उनके साथ ही दीवारों पर पड़ने वाले साये भी काँप जाते थे।

“आज महत्त्वपूर्ण दिन है,” गेर्मन राऊ ने जर्मन में व्लादीमिर इल्यीच से कहा।

व्लादीमिर इल्यीच ने सिर हिलाकर सहमति प्रकट की। सचमुच आज महत्त्वपूर्ण दिन था। अब तक तो तैयारियाँ ही होती रही थीं, पर आज…

कम्पोज़िटर ने भारी ब्लॉक उठाकर मशीन पर चढ़ाया। गेर्मन राऊ ने हत्था घुमाया। मशीन घड़घड़ायी। सिलैण्डर घूमने लगा और अख़बार का पन्ना मशीन से बाहर निकला। इस तरह ‘ईस्क्रा’ का पहला अंक छपकर तैयार हुआ।

व्लादीमिर इल्यीच ने एक अंक उठाया। इस घड़ी का वह कब से और कितनी उत्कण्ठा से प्रतीक्षा कर रहे थे!

“अब हमारे पास अपना, मज़दूरों का क्रान्तिकारी अख़बार है! उड़ चलो, हमारे अख़बार, वतन की तरफ़! करो पैदा जागृति और उभारो क्रान्ति के लिए!”

व्लादीमिर इल्यीच ने सबको सुनाते हुए अख़बार का नाम पढ़ा: “ईस्क्रा”।

दायीं तरफ़ ऊपर कोने में छपा था:

“चिनगारी से भड़केंगी ज्वालाएँ!”

लेनिन

मुसाफ़िर गाड़ी केनिग्सबर्ग जा रही थी। तीसरे दर्जे के डिब्बे में एक कोने में खिड़की के पास एक नौजवान बैठा था। वह म्यूनिख़ में सवार हुआ था और तब से सारे रास्तेभर ऊँघता रहा था। उसके पैरों के पास एक काफ़ी बड़ा सूटकेस रखा था।

Lenin-Facing us

गाड़ी केनिग्सबर्ग पहुँच गयी। यह पत्थर के क़ि‍ले, गिरजाघरों और लाल खपरैल की छतों वाला पुराना शहर था। बाल्टिक सागर के तट पर होने के कारण यहाँ बन्दरगाह भी था, जिसमें दसियों जहाज़ खड़े थे। उनमें से एक का नाम था ‘सेण्ट मार्गरीता’। म्यूनिख़ से आये जर्मन ने इधर-उधर ताका-झाँका और फिर बन्दरगाह की ओर न जाकर पास ही के एक बीयरख़ाने में घुस गया। बीयरख़ाने में भीड़ बहुत थी। चारों तरफ़ तम्बाकू का भूरा, कड़वा धुआँ छाया हुआ था। जर्मन एक ख़ाली जगह पर बैठ गया और सूटकेस को उसने मेज़ के नीचे खिसका दिया। फिर बैरे से सासेज मँगाकर बीयर के साथ धीरे-धीरे खाने लगा। इतने धीरे-धीरे कि मानो उसके पास फ़ालतू वक़्त बहुत हो। या हो सकता है कि वह किसी का इन्तज़ार कर रहा था? हाँ, उसे सचमुच ‘सेण्ट मार्गरीता’ के जहाज़ी का इन्तज़ार था। उससे मिलने के लिए ही वह म्यूनिख़ से आया था, हालाँकि उसे पहले कभी नहीं देखा था। जब भी कोई नया आदमी बीयरख़ाने में आता, म्यूनिख़ से आया हुआ जर्मन दायें हाथ से बालों को दायें कान की तरफ़ सहलाते हुए टकटकी लगाकर उसे देखता। इस तरफ़ किसी का ध्यान भी नहीं जा सकता था, क्योंकि बालों को सहलाना कोई अस्वाभाविक बात नहीं थी। मगर यह एक इशारा था।

आखि़रकार जहाज़ी आ ही गया। समुद्री हवा और धूप से उसका चेहरा ताँबई हो गया था। दरवाज़े पर खड़े.खड़े उसने सभी लोगों पर नज़र डाली और बालों को सहलाते हुए आदमी को देखकर सीधे उसकी तरफ़ बढ़ चला। मेज़ के पास बैठकर उसने पैर से सूटकेस को टटोला और बोला:

“उफ़्फ, कितनी भयंकर हवा है!”

“अगर अपने रास्ते की तरफ़ है, तो कोई बात नहीं,” म्यूनिख़ से आये जर्मन ने जवाब दिया।

“ठीक ही पहचाना, भैया, अपने ही रास्ते की तरफ़ है।”

यह पहचान-वाक्य था। तुरन्त ही दोनों के बीच आत्मीयता पैदा हो गयी। दोनों का एक ही ध्येय था, जिसकी ख़ातिर वे यहाँ बीयरख़ाने में इकट्ठा हुए थे।

बातचीत जल्दी ही ख़त्म हो गयी और दोनों बीयरख़ाने से बाहर निकल आये। अब सूटकेस जर्मन के हाथ में नहीं, बल्कि जहाज़ी के हाथ में था। किसी ने इस बदलाव पर ध्यान नहीं दिया। आखि़र किसी को इससे मतलब भी क्या था? दो साथी जा रहे हैं, बातें कर रहे हैं। चौराहे पर दोनों अलग हो गये। म्यूनिख़ से आया जर्मन स्टेशन की ओर चल पड़ा और सूटकेस ‘सेण्ट मार्गरीता’ पर बाल्टिक सागर से होते हुए स्वीडन की राजधानी स्टाकहोम की ओर।

रात में हवा बहुत तेज़ हो गयी। लहरें आसमान छूने लगीं। तूफ़ान ‘सेण्ट मार्गरीता’ को कभी इधर तो कभी उधर फेंकने लगा। अँधेरा ऐसा था कि हाथ को हाथ नहीं सूझता था।

जहाज़ छः घण्टे देर से स्टाकहोम पहुँचा। फ़िनिश जहाज़ ‘सुओमी’ शायद कभी का हेल्सिगफ़ोर्स के लिए रवाना हो चुका होगा।

“समय पर नहीं पहुँच पाया”, जहाज़ी को अफ़सोस हो रहा था।

अचानक उसे ‘सुओमी’ दिखायी दिया। वह स्टाकहोम के बन्दरगाह में खड़ा भाप छोड़ रहा था। शायद तूफ़ान की वजह से उसे भी रुक जाना पड़ा था और अब लंगर उठाने की तैयारियाँ कर रहा था।

“आहिस्ता से आगे!” कप्तान ने आदेश दिया। चक्कों के नीचे पानी खौलने लगा। जहाज़ चल पड़ा।

“वाइस-कप्तान साहब!” भारी सूटकेस को खींचते हुए जहाज़ी चिल्लाया, “केनिग्सबर्ग से आपकी चाची ने पार्सल भेजा है!”

दौड़ने की वजह से जहाज़ी हाँफ रहा था। सूटकेस बहुत भारी था। उसे लगा कि उसकी सारी कोशिश बेकार हो गयी है, क्योंकि ‘सुओमी’ तट से हट चुका था।

लेकिन नहीं, कोशिश बेकार नहीं गयी। चमत्कार-सा हुआ। कप्तान ने उसका चिल्लाना सुन लिया और…

“आहिस्ता से पीछे!” ‘सुओमी’ पर आदेश सुनायी दिया। “स्‍टॉप!”

“वाइस-कप्तान साहब!” जहाज़ी पूरे ज़ोर से चिल्लाया, “आपकी चाची ने गरम स्वेटर भेजे हैं और नया सूट भी।”

घाट पर खड़े सभी लोग ठहाका लगाकर हँस पड़े। न जाने क्यों, सभी ख़ुश थे कि ‘सुओमी’ पार्सल लेने के लिए वापस लौट आया है। वाइस-कप्तान ने सूटकेस लिया, हाथ हिलाकर जहाज़ी को धन्यवाद दिया और “पार्सल” को अपने केबिन में छिपा लिया

सूटकेस की यात्रा जारी रही।

जब जहाज़ हेल्सिगप़फ़ोर्स पहुँचा, तो मूसलाधार बारिश हो रही थी। वाइस-कप्तान ने बरसाती पहनी और सूटकेस उठाकर तेज़ी से घोड़ाट्राम के स्टाप की ओर बढ़ चला। पानी इतना अधिक बरस रहा था कि जैसे बाढ़ ही आ गयी हो। ओह, कहीं बक्से में पानी न चला जाये! वाइस-कप्तान ने इधर-उधर झाँका, पर वह मज़दूर कहीं नहीं दिखायी दिया, जिससे उसे स्टाप पर मिलना था। जहाज़ कुछ घण्टे देर से पहुँचा था। ऊपर से यह मूसलाधार बारिश! सड़कें सुनसान थीं। कहीं वह पीटर्सबर्ग का मज़दूर इन्तज़ार करते-करते ऊब न गया हो! क्या किया जाये? तभी घोड़ाट्राम आती दिखायी दी…पर वह मज़दूर उसमें भी नहीं था। अचानक वाइस-कप्तान ने देखा कि सामने के घर के फाटक से एक आदमी बाहर निकल इधर-उधर देखते हुए उसकी ओर आ रहा है। यही वह मज़़दूर था, जिससे उसे मिलना था।

“कैसी बदक़िस्मती है! खड़े.खड़े अकड़ गया हूँ,” मज़दूर बड़बड़ाया।

“तूफ़ान के कारण देर हो गयी। कब जायेंगे?”

“आज।”

“ठीक है। मैं अभी तार से सूचित कर दूँगा।”

मज़दूर ने सहमति में सिर हिलाया और सूटकेस उठाकर घोड़ाट्राम पर चढ़ गया।

कुछ घण्टे बाद सूटकेस रेलगाड़ी से पीटर्सबर्ग जा रहा था।

गाड़ी ख़ाली पड़े वसन्तकालीन खेतों, बारिश से भीगे गाँवों और निर्जन ग्रामीण बंगलों की बग़ल से गुज़र रही थी। पीटर्सबर्ग का मज़दूर इन जगहों को भली-भाँति जानता था, इसलिए चुपचाप बैठा अख़बार पढ़ रहा था और बेलोओस्त्रेव स्टेशन की प्रतीक्षा कर रहा था।

बेलोओस्त्रेव से रूस की सीमा शुरू होती थी। वहाँ हमेशा कस्टम चेकिग होती थी।

कस्टम का आदमी कम्पार्टमेण्ट में आया।

“कृपया अपने सूटकेस दिखाइये।”

पीटर्सबर्ग के मज़दूर ने बिना कोई जल्दबाज़ी दिखाये अपना सूटकेस खोला। एक जोड़ी कपड़े, पुराना चारख़ानेदार कम्बल और मिठाई का डिब्बा। बस। कस्टम वाले ने सूटकेस के किनारे ठकठकाये, पर सन्देहजनक कुछ भी न मिला।

उसी दिन मज़दूर पीटर्सबर्ग में था और वसील्येव्स्की द्वीप पर एक पत्थर के मकान की सीढ़ियाँ चढ़ रहा था। दूसरी मंज़िल पर दरवाज़े़ पर ताँबे की प्लेट लगी थी: “दाँतों का डॉक्टर”।

आगन्तुक ने घण्टी बजायी। दो लम्बी और एक छोटी। इसका मतलब था कि डरने की कोई बात नहीं, अपना ही आदमी आया है।

दाँतों के डॉक्टर ने दरवाज़ा खोला।

“आइये, आपका ही इन्तज़ार था।”

क्रान्तिकारी गुप्त मुलाक़ातों के लिए यहीं एकत्र हुआ करते थे। डॉक्टर के कमरे में एक लड़की मज़दूर का इन्तज़ार कर रही थी।

“लाइये,” उसने कहा और मज़दूर के हाथ से सूटकेस ले लिया। बेचारे ने रास्ते में क्या-क्या नहीं झेला था! तूफ़ान, बारिश, कस्टम चेकिग।

लड़की ने सूटकेस से चारख़ानेदार कम्बल और दूसरी चीज़ें निकालीं। लेकिन यह क्या? आगन्तुक ने सफ़ाई से सूटकेस का तला दबाया और वह ढक्कन की तरह खुल गया। सूटकेस में दो तले थे। निचले तले में कसकर तह किये हुए अख़बार रखे हुए थे। लड़की ने एक अख़बार उठाया। ‘ईस्क्रा’!

अच्छा, तो यह है वह चीज़, जिसे केनिग्सबर्ग, स्टाकहोम, हेल्सिगफ़ोर्स से होते हुए इतनी मेहनत और इतने गुप्त रूप से म्यूनिख़ से पीटर्सबर्ग पहुँचाया गया है!

लड़की सूटकेस से ‘ईस्क्रा’ निकालकर अपने टोप के डिब्बे में रखने लगी। जब सब अख़बार आ गये, तो उसने फ़ीते से डिब्बे को बाँध दिया और पीटर्सबर्ग के छोर पर सक्रिय मज़दूर मण्डलियों को बाँटने चल पड़ी। वह ‘ईस्क्रा’ की एजेण्ट थी। ‘ईस्क्रा’ के गुप्त एजेण्ट रूस के सभी बड़े शहरों में थे।

‘ईस्क्रा’ को गुप्त रूप से जहाज़ों से, रेलगाड़ियों से लाया जाता, सीमा के इस पार पहुँचाया जाता। ‘ईस्क्रा’ मज़दूरों और किसानों की आँखें खोलता, उन्हें दिखाता कि उनका वास्तविक जीवन क्या है।

‘ईस्क्रा’ उन्हें सिखाता: “ज़ारशाही के ख़िलाफ़ लड़ो! मालिकों के ख़िलाफ़ लड़ो!”

‘ईस्क्रा’ उन्हें पार्टी का निर्माण करने के लिए, क्रान्ति के लिए ललकारता। शीघ्र ही रूस में ‘ईस्क्रा’ की प्रेरणा से एक शक्तिशाली मज़दूर आन्दोलन शुरू हो गया। इस विराट आन्दोलन के नेता, मार्गदर्शक और ‘ईस्क्रा’ के मुख्य सम्पादक व्लादीमिर इल्यीच थे।

व्लादीमिर इल्यीच को रूस से मज़दूरों और ‘ईस्क्रा’ के एजेण्टों से बड़ी संख्या में पत्र, लेख, आदि मिलते थे और लगभग सब कूट भाषा में लिखे होते थे। वह उन्हें ‘ईस्क्रा’ में छापते, मज़दूरों के पत्रों के जवाब देते, ‘ईस्क्रा’ के लिए लेख तैयार करते और साथ ही राजनीति और क्रान्तिकारी संघर्ष के बारे में किताबें लिखते।

दिसम्बर, 1901 से व्लादीमिर इल्यीच अपने लेखों और किताबों को लेनिन नाम से छापने लगे।

यह महान नाम था, एक ऐसा नाम, जिससे शीघ्र ही सारी दुनिया परिचित होने वाली थी।

 

मज़दूर बिगुलजून  2013

 


 

‘मज़दूर बिगुल’ की सदस्‍यता लें!

 

वार्षिक सदस्यता - 125 रुपये

पाँच वर्ष की सदस्यता - 625 रुपये

आजीवन सदस्यता - 3000 रुपये

   
ऑनलाइन भुगतान के अतिरिक्‍त आप सदस्‍यता राशि मनीआर्डर से भी भेज सकते हैं या सीधे बैंक खाते में जमा करा सकते हैं। मनीऑर्डर के लिए पताः मज़दूर बिगुल, द्वारा जनचेतना, डी-68, निरालानगर, लखनऊ-226020 बैंक खाते का विवरणः Mazdoor Bigul खाता संख्याः 0762002109003787, IFSC: PUNB0185400 पंजाब नेशनल बैंक, निशातगंज शाखा, लखनऊ

आर्थिक सहयोग भी करें!

 
प्रिय पाठको, आपको बताने की ज़रूरत नहीं है कि ‘मज़दूर बिगुल’ लगातार आर्थिक समस्या के बीच ही निकालना होता है और इसे जारी रखने के लिए हमें आपके सहयोग की ज़रूरत है। अगर आपको इस अख़बार का प्रकाशन ज़रूरी लगता है तो हम आपसे अपील करेंगे कि आप नीचे दिये गए बटन पर क्लिक करके सदस्‍यता के अतिरिक्‍त आर्थिक सहयोग भी करें।
   
 

Lenin 1बुर्जुआ अख़बार पूँजी की विशाल राशियों के दम पर चलते हैं। मज़दूरों के अख़बार ख़ुद मज़दूरों द्वारा इकट्ठा किये गये पैसे से चलते हैं।

मज़दूरों के महान नेता लेनिन

Related Images:

Comments

comments